राजस्थान से एमडी ड्रग्स लाकर देवास में करते थे सप्लाई, पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े तीन और आरोपी दबोचे

देवास। शहर में नशे के अवैध कारोबार की जड़ें तलाशने में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एमडी ड्रग्स की तस्करी और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी राजस्थान से अवैध मादक पदार्थ लाकर देवास में खपाते थे और खुद भी नशे के आदी थे। खास बात यह है कि इस नेटवर्क में शामिल एक आरोपी के खिलाफ लूट, अवैध शराब तस्करी और आर्म्स एक्ट सहित 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को थाना कोतवाली पुलिस ने अंबेडकर नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई कर राजस्थान के तस्करों से एमडी ड्रग्स की सौदेबाजी एवं दलाली करने वाले 2 आरोपियों को 69 हजार 560 रुपए कीमत की 34.78 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। उक्त प्रकरण में धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण की विवेचना एवं पूर्व में गिरफ्तार आरोपी रेहान उर्फ अली से पूछताछ के दौरान ड्रग्स नेटवर्क में संलिप्त 3 अन्य आरोपियों की जानकारी सामने आई। जांच में सामने आया कि उक्त आरोपी पूर्व में गिरफ्तार आरोपी के साथ राजस्थान जाकर अवैध एमडी ड्रग्स लाते थे तथा देवास में इसकी सप्लाई करने के साथ स्वयं भी नशा करते थे। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी-

फैजल उर्फ फेशल उर्फ गोलू पिता फरीद कसेरा उम्र 28 वर्ष, रिहान पिता इरफान खान उम्र 21 वर्ष निवासी मुक्ति मार्ग मोमनटोला देवास एवं अयान उर्फ सिफान पिता आबिद खान निवासी मोमनटोला देवास।

आपराधिक रिकॉर्ड-

फैजल उर्फ गोलू के विरुद्ध थाना नाहर दरवाजा, कोतवाली एवं औद्योगिक क्षेत्र में लूट, अवैध शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट, मारपीट एवं अन्य धाराओं के अंतर्गत कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। रिहान के विरुद्ध थाना नाहर दरवाजा एवं कोतवाली में मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी संबंधी 2 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

Next Post

पत्नी समझकर दूसरी महिला पर तलवार से किया जानलेवा हमला

Sat Nov 28 , 2026
देवास। ग्राम नेवरी के साप्ताहिक हाट बाजार में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी समझकर दूसरी महिला पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला का हाथ कट गया, वहीं उसके साथ मौजूद मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो […]

You May Like