पत्नी समझकर दूसरी महिला पर तलवार से किया जानलेवा हमला

देवास। ग्राम नेवरी के साप्ताहिक हाट बाजार में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी समझकर दूसरी महिला पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला का हाथ कट गया, वहीं उसके साथ मौजूद मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच घायल मां-बच्चे को समय पर अस्पताल पहुंचाने में एक महिला पुलिसकर्मी की मानवीय पहल भी सामने आई।

पुलिस की वर्दी केवल कानून और अनुशासन का प्रतीक नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता एवं सेवा भावना की भी पहचान है। इसका उदाहरण थाना हाटपिपल्या क्षेत्र के ग्राम नेवरी में देखने को मिला, जहां प्रधान आरक्षक पूजा बामनिया ने संकट की घड़ी में तत्परता दिखाते हुए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। शुक्रवार को ग्राम नेवरी में साप्ताहिक हाट बाजार के दौरान आरोपी ने एक महिला को अपनी पत्नी समझकर उसकी हत्या करने के उद्देश्य से उस पर तलवार से हमला कर दिया। बाद में पता चला कि उक्त महिला आरोपी की पत्नी नहीं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति की पत्नी थी। हमले में महिला का हाथ कट गया तथा उसके साथ मौजूद उसका एक मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधान आरक्षक पूजा बामनिया ने बिना समय गंवाए स्वयं वाहन चलाकर घायल महिला एवं उसके मासूम बच्चे को जिला चिकित्सालय देवास पहुंचाया तथा उनके उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज पिता गोवर्धन बामनिया, निवासी ग्राम कजलास, जिला सीहोर, हाल मुकाम चाणक्यपुरी मल्टी, थाना सिविल लाइन देवास को गिरफ्तार कर लिया। प्रधान आरक्षक पूजा बामनिया की यह पहल पुलिस की सेवा, समर्पण एवं संवेदनशीलता को दर्शाती है। उनकी इस सराहनीय पहल की पुलिस अधीक्षक देवास आदित्य मिश्रा ने भी प्रशंसा की।

Next Post

गहोई वैश्य समाज लोहामंडी की नई टीम का हुआ शपथ ग्रहण

Sat Nov 28 , 2026
ग्वालियर। आज श्री गहोई वैश्य समाज लोहा मंडी के शपथग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि जीडीए के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सम्मान समारोह एंव अन्नकूट का आयोजन हुआ। सुधीर गुप्ता ने नवीन कार्यकारिणी को बधाई दी। वरुण कस्तवार एवं वरुण गुप्ता सहित समाजसेवियो […]

You May Like