सिंगरौली: जिले में अवैध उत्खनन एवं रेत परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जियावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे के नेतृत्व में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 जून तड़के सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त के दौरान चितरंगी तिराहा के पास एक बिना नंबर का नीले रंग का पावर ट्रैक ट्रैक्टर संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। ट्रॉली में अवैध रूप से रेत भरी हुई थी। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच की। चालक अभय उर्फ मिसिर बंसल (21 वर्ष) निवासी सुपेला से रेत परिवहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह ट्रैक्टर मालिक मनीष साहू निवासी जियावन के कहने पर माटीगढ़ई महान नदी से रेत लोड कर लाया था। पुलिस के अनुसार रेत को देवसर क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर अपराध क्रमांक 364/2026 के तहत धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे, सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण द्विवेदी एवं जियावन थाना के हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण द्विवेदी द्वारा की जा रही है।
