
इंदौर. रविवार सुबह शहर की सड़कों पर दौड़ने वालों का हुजूम रहेगा, लेकिन इस दौरान वाहन चालकों को अपने रास्ते बदलने पड़ेंगे. ‘वन इंदौर रन इंदौर 2.0’ मैराथन के चलते दशहरा मैदान सहित अन्नपूर्णा, महू नाका, फूटी कोठी और कैट रोड से जुड़े मार्गों पर सुबह 6 बजे से आयोजन समाप्त होने तक अस्थायी यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा. यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से मैराथन मार्ग से बचकर वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है.
मैराथन दशहरा मैदान से शुरू होगी. तीन किलोमीटर की दौड़ अटल पथ से होकर वापस दशहरा मैदान पहुंचेगी. पांच किलोमीटर के प्रतिभागी नरेंद्र तिवारी मार्ग, फूटी कोठी चौराहा, रणजीत हनुमान रोड, महू नाका और अन्नपूर्णा रोड होते हुए दशहरा मैदान लौटेंगे. वहीं 10 किलोमीटर का रूट चाणक्यपुरी, गोपुर, नर्मदा चौराहा, रेती मंडी और कैट रोड से होकर गुजरेगा. इसके बाद प्रतिभागी इसी मार्ग से लौटते हुए अन्नपूर्णा रोड के रास्ते दशहरा मैदान पहुंचेंगे. डीसीपी यातायात राजेश त्रिपाठी ने वाहन चालकों से अपील की है कि रविवार सुबह मैराथन के निर्धारित मार्गों पर जाने से बचें और डायवर्जन के दौरान यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें. आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा. आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही भी निर्बाध रखी जाएगी.
