नयी दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में शनिवार को भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उत्तराखंड के पौड़ी में रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर सवारियों से भरी ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें से वाहन चालक समेत सात लोगों की मौत हो गई। पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं।
श्रीमती मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं सभी शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।” श्री मोदी ने कहा कि इस हादसे में लोगों की मौत से उन्हें गहरी व्यथा हुई है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैं इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

