ग्वालियर:ऑडिट दिवस के अवसर पर महालेखाकार कार्यालय की ओर से शिवाजी शिक्षा एवं कल्याण समिति द्वारा संचालित बालिका गृह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं को शैक्षणिक सामग्री और उपहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही बालिका गृह में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वाटर प्यूरीफायर भी स्थापित कराया गया।
कार्यक्रम में महालेखाकार सिद्धार्थ बोंडाडे ने बालिकाओं से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान उप महालेखाकार साक्षी दुबे, हरजिंदर कुमार, सर्वोत्तम श्रीवास्तव और अमर मीणा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी उपासना राय, परियोजना अधिकारी मनीष सिंह तथा बालिका गृह की अधीक्षिका रेखा तिवारी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों और बालिका गृह की बालिकाओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा इसे रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, स्वच्छ पेयजल और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
