जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट ने गन कैरिज फैक्ट्री से लोहे की छड़ चोरी करने के करीब 30 साल पुराने मामले में बर्खास्त कर्मचारी को राहत देने से इंकार कर दिया है। जस्टिस विवेक रूसिया व जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने कहा कि रक्षा क्षेत्र के संवेदनशील कारखानों में चोरी जैसी घटनाओं को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उक्त मत के साथ न्यायालय ने मेवालाल की अपील खारिज करते हुए बर्खास्तगी के आदेश को बरकरार रखा है।
दरअसल मेवालाल को वर्ष 1980 में पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। 31 अगस्त 1995 को फैक्ट्री परिसर से बाहर निकलते समय उसे कपड़ों में छिपाकर साढ़े पांच किलो लोहे की छड़ ले जाते पकड़ा गया था। विभागीय जांच के बाद केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के तहत उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। कर्मचारी ने बर्खास्तगी को लेबर कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन वहां विभागीय जांच और दंड को वैध ठहराया गया। इसके बाद एकलपीठ ने हस्तक्षेप से इनकार कर दिया। कर्मचारी ने युगलपीठ में अपील की। अपील में अधिकारियों के दबाव में चोरी स्वीकार करने की दलील दी गई, लेकिन कोर्ट ने साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रमाणित पाया। लेबर कोर्ट और एकलपीठ के समवर्ती निष्कर्षों में हस्तक्षेप का आधार नहीं मिलने पर न्यायालय ने दायर अपील खारिज कर दी।
