एमडी ड्रग्स तस्करी में 10 हजार का इनामी अमन गिरफ्तार, आरोपियों की संख्या पांच हुई

इंदौर. एमडी ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी क्राइम ब्रांच ने छह महीने से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है. देवास निवासी आरोपी की भूमिका पूर्व में पकड़े गए चार तस्करों से पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आई थी. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा का इजाफा किया है. इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है.

मामला 30 जून का है, क्राइम ब्रांच ने स्कीम नंबर 134 स्थित दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे घेराबंदी कर महिंद्रा थार कार से जा रहे चार आरोपियों को पकड़ा था. तलाशी में उनके कब्जे से 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी. जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 2.30 लाख रुपए और थार की कीमत करीब 19 लाख रुपए आंकी गई थी. इस कार्रवाई में फरहान शेख, अतीक उर्फ तौफीक खान, अमान उर्फ फैजान खान और फरहान खान गिरफ्तार हुए थे. चारों आरोपियों से पूछताछ और तस्करी के नेटवर्क की पीछे की कड़ियां खंगालने के दौरान देवास निवासी अमन पटेल का नाम सामने आया. वह ड्रग्स की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा था. घटना के बाद से फरार होने के कारण उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था. क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी 12वीं तक पढ़ा है और अलमारी-फर्नीचर बनाने का काम करता है. पुलिस अब आरोपी से एमडी ड्रग्स की मूल सप्लाई चेन, अन्य खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जांच के आधार पर देवास निवासी अमन पटेल की भूमिका सामने आई थी. वह 10 हजार रुपए का इनामी फरार आरोपी था. उसे गिरफ्तार कर लिया है. अब उससे ड्रग्स की सप्लाई चेन और अन्य संपर्कों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.

Next Post

बाल विवाह रोकने 300 से ज्यादा लोगों ने ली शपथ

Fri Nov 27 , 2026
इंदौर. बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने की जिम्मेदारी अब केवल पुलिस-प्रशासन तक सीमित नहीं रहेगी. इसे रोकने के लिए समाज के लोगों को भी आगे आना होगा. इसी संदेश के साथ शुक्रवार को बाणगंगा क्षेत्र के भवानी नगर चौराहे पर पुलिस ने सामुदायिक चौपाल लगाई. इसमें 300 से […]

You May Like

मनोरंजन