
इंदौर. बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने की जिम्मेदारी अब केवल पुलिस-प्रशासन तक सीमित नहीं रहेगी. इसे रोकने के लिए समाज के लोगों को भी आगे आना होगा. इसी संदेश के साथ शुक्रवार को बाणगंगा क्षेत्र के भवानी नगर चौराहे पर पुलिस ने सामुदायिक चौपाल लगाई. इसमें 300 से अधिक लोगों ने बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ ली. चौपाल में महिलाओं, बालिकाओं और पुरुषों को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर जागरूक किया.
यह आयोजन महिलाओं और बच्चों के खिलाफ लैंगिक हिंसा की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे 16 दिवसीय अभियान के तहत किया. 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में पुलिस का उद्देश्य पीड़ितों को संरक्षण और न्याय दिलाने के साथ आम लोगों को भी जागरूक करना है. चौपाल में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा प्रियंका डुडवे ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बाल विवाह दंडनीय अपराध है और इसके सामाजिक, शारीरिक व मानसिक प्रभाव बच्चों के भविष्य को प्रभावित करते हैं. कार्यक्रम में केवल बाल विवाह ही नहीं, बल्कि लैंगिक हिंसा, महिला एवं बाल अपराध, सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श, ऑनलाइन सुरक्षा, छेड़छाड़ तथा घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई. लोगों से कहा गया कि हिंसा या शोषण की जानकारी मिलने पर चुप रहने के बजाय पुलिस को सूचित करें. आसपास कहीं बाल विवाह की तैयारी दिखाई दे तो इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या पुलिस को दें. चौपाल में थाना प्रभारी बाणगंगा सियाराम गुर्जर सहित पुलिस टीम, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य और क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि बाल विवाह रोकने के लिए अपने स्तर पर भी जागरूकता फैलाएं. लैंगिक हिंसा के खिलाफ चलने वाला 16 दिवसीय अभियान 10 दिसंबर तक जारी रहेगा.
