कान्हा नेशनल पार्क में 5 वर्षीय नर बाघ की मौत

मंडला। विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की परिक्षेत्र के बीट मोहगांव के कक्ष क्रमांक 156 में एक 5 से 6 वर्ष के नर बाघ का शव मिलने से पार्क प्रबंधन और वन्यजीव प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है । प्रारंभिक जांच में बाघ की मौत आपसी संघर्ष (टेरिटोरियल फाइट) के कारण आई चोटों और फेफड़ों में संक्रमण की वजह से होना सामने आया है।

जानकारी अनुसार मंगलवार 19 मई की सुबह कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक, उप संचालक और वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी को मुक्की परिक्षेत्र में एक बाघ के घायल और अस्वस्थ होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर अधीनस्थ वन अमले के साथ क्षेत्र में बाघ की तलाश और मॉनिटरिंग का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। इसी खोजबीन के दौरान गश्ती दल को उक्त बाघ मृत अवस्था में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। बाघ का शव मिलते ही पार्क प्रबंधन ने इसकी सूचना तत्काल प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) मप्र भोपाल को दी। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के कड़े प्रोटोकॉल के तहत सबसे पहले घटना स्थल को चारों तरफ से पूरी तरह सुरक्षित किया गया। किसी भी प्रकार की शिकारी गतिविधि या मानवीय साजिश की आशंका को खारिज करने के लिए डॉग स्क्वॉड की सहायता से पूरे घटना स्थल और आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण कराया गया। वन्यजीव चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल, बैहर के पशु चिकित्सक डॉ. आशीष वैद्य और पशु चिकित्सक डॉ. ज्योति मरावी के तीन सदस्यीय दल द्वारा मृत बाघ का पोस्टमार्टम, शव परीक्षण किया गया। डॉक्टरों के पैनल ने जांच में पाया कि मृत बाघ नर था और उसकी उम्र लगभग 5-6 वर्ष के बीच थी। बताया गया कि बाघ के शरीर के समस्त अंग और महत्वपूर्ण अवयव जैसे कि उसके चारों केनाइन नुकीले दांत, नाखून और मूंछ के बाल पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। इससे यह स्पष्ट हो गया कि यह शिकार का मामला नहीं है। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों की टीम ने मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा और अन्य फोरेंसिक जांच के लिए सैंपल भी संकलित किए हैं। पोस्टमार्टम उपरांत बाघ के शव की भस्मीकरण प्रक्रिया पूर्ण की गई।

Next Post

एसपी की जनसुनवाई में आईं 90 शिकायतें

Tue May 19 , 2026
जबलपुर। आम जनता की शिकायतों एवं समस्याओ के त्वरित निराकरण के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी जबलपुर सम्पत उपाध्याय द्वारा जन सुनवाई की गयी। जन सुनवाई में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के शिकायतकर्ता पुलिस कार्यालय में आये थे। इस दौरान पति-पत्नि/परिवारिक एवं जमीन सम्बंधी विवाद, मारपीट तथा […]

You May Like