ग्वालियर:जय इंस्टीटयूट आफ प्रोफेशनल स्ट्डीज़ द्वारा साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रृंगार रस में पारंगत प्रसिद्ध कवयित्री श्वेता सिंह का एकल काव्य पाठ, “प्रेम पाखी” आयोजित किया गया। यह साहित्यिक आयोजन गुरुबख्श सिंह सभागार, झांसी रोड, में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में लोकेन्द्र पाराशर, प्रदेश मंत्री भाजपा, विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी मुकेश भदौरिया, स्वर्णिका श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई।
कवयित्री श्वेता सिंह ने अपनी चर्चित रचनाओं के माध्यम से प्रेम के विविध रूपों-निष्काम प्रेम, विरह, संवेदना, नारी मन की कोमल भावनाएं एवं मानवीय रिश्तों की गहराई को प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत किया। उनकी काव्य प्रस्तुति ने सभागार को भावनात्मक वातावरण से भर दिया और श्रोताओं को आत्ममंथन के लिए प्रेरित किया। कवयित्री श्वेता सिंह की रचनाओं में सरल भाषा, गहरी संवेदना और सशक्त भावाभिव्यक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जिसे उपस्थित श्रोताओं ने सराहा।
