छतरपुर: जिले के ईशानगर क्षेत्र के ग्राम बौड़ा में कल देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक परिवार को बड़ा आर्थिक झटका लगा। खेत में बरगद के पेड़ के नीचे खड़ी 10 बकरियों की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद बकरी पालन पर निर्भर परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बौड़ा निवासी 60 वर्षीय सुंदर अहिरवार बीती शाम दिदोल तिगेते के पास अपने खेत में बकरियां चरा रहे थे।
इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी बकरियां पास खड़े बरगद के पेड़ के नीचे एकत्र हो गईं। तभी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से सभी 10 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।सुंदर अहिरवार का परिवार मुख्य रूप से बकरी पालन से ही अपना जीवनयापन करता है।
एक साथ 10 बकरियों की मौत से परिवार की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया है। पीड़ित ने शासन-प्रशासन से घटना का सर्वे कराकर उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वह दोबारा बकरी पालन शुरू कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सके।घटना के बाद ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर आर्थिक सहायता मिलने से परिवार इस मुश्किल परिस्थिति से उबर सकेगा।
