आचार संहिता लगते ही दतिया में बड़ी कार्रवाई : चेकिंग में पकड़े 19 लाख रुपए नकद, कार चालक नहीं दे पाया सही ब्यौरा

दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आचार संहिता लागू होते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। एसपी मयूर खंडेलवाल के निर्देश पर जिले भर में सघन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान बड़ौनी थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने चेकिंग में एक कार से 19 लाख रुपए नकद बरामद किए।
बड़ौनी थाने की बड़ी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार बड़ौनी थाना प्रभारी रमेश शाक्य दतिया के छोटे गुब्बारे के पास चेकिंग पॉइंट पर तैनात थे। वहां से गुजरने वाली हर गाड़ी की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ब्रेजा कार को रोककर चेकिंग की गई।चेकिंग के दौरान कार से 19 लाख रुपए नकद मिले। पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम सचिन दुबे बताया। उसने बताया कि यह राशि डबरा के किसी व्यापारी की गल्ला की है और उसे दतिया ले जाया जा रहा था। लेकिन वह राशि के संबंध में पूरे और संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।नियमों के अनुसार पर्याप्त प्रमाण न देने पर पुलिस ने पूरी नकदी जब्त कर ली है। मामले में आयकर विभाग और फ्लाइंग स्क्वाड को भी सूचना दे दी गई है। आगे की जांच की जा रही है।
इस संबंध में बड़ौनी थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि ‘एसपी के निर्देश पर आचार संहिता के पालन हेतु जिले में जगह-जगह चेकिंग लगाई गई है। छोटे गुब्बारे पर चेकिंग के दौरान एक ब्रेजा कार को रोका गया। तलाशी में कार से 19 लाख रुपए नकद मिले। चालक राशि का वैध स्रोत और ले जाने का उद्देश्य स्पष्ट नहीं बता पाया। नियमानुसार राशि को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही हैं।चुनाव के दौरान अवैध धन और शराब के परिवहन पर हमारी लगातार नजर है।’
जिले भर में शुरू हुई सघन चेकिंग
एसपी मयूर खंडेलवाल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि संदिग्ध वाहनों, शराब, हथियार और नकदी पर विशेष नजर रखी जाए। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए जिले की सभी सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं।

Next Post

आकाशीय बिजली गिरने से युवक की दर्दनाक मौत

Sun Jul 5 , 2026
श्योपुर: आदिवासी विकासखंड कराहल के बरगवां अंचल के अगरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। जानकारी के अनुसार, अगरा गांव निवासी मदनपुर अमरसिंह भिलाला अपनी बेटी के साथ तालाब किनारे स्थित खेत में काम कर […]

You May Like