
(छिंदवाड़ा)। जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘एक कैमरा ग्राम के नाम’ अभियान के तहत उमरानाला पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के मार्गदर्शन में ग्राम सिलेवानी के बिरसा मुंडा चौक पर सोलर संचालित आधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू ने ग्राम पंचायत सिलेवानी के सरपंच और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बिरसा मुंडा चौक पर कुल तीन कैमरे लगवाए हैं। इनमें दो सोलर आधारित 360-डिग्री कैमरे शामिल हैं, जो अम्बाझिरी रोड और नेशनल हाईवे की गतिविधियों को पूरी तरह कवर करेंगे।
हिट एंड रन और अवैध गतिविधियों पर लगेगी लगाम0000
ग्राम सिलेवानी नेशनल हाईवे और पड़ोसी जिला पांढुर्णा की सीमा से सटा एक अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। सोलर कैमरों की मदद से यहां चौबीसों घंटे निगरानी संभव हो सकेगी। इससे हाईवे पर होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं, हिट एंड रन के मामलों में संदिग्ध वाहनों की पहचान करने और सीमावर्ती क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।
जनसहयोग से सुरक्षित समाज का निर्माण0000000
चौकी प्रभारी राजेश साहू ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से इस अपराधों की रोकथाम करना है। पुलिस ने आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने गांवों को सुरक्षित बनाने के लिए इस अभियान से जुड़ें और सीसीटीवी कैमरे लगवाने में सहयोग करें।
