नयी दिल्ली, 27 नवंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और दिल्ली पुलिस पर राजधानी में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर निशाना साधा और कहा कि यहां के पार्कों में भी बच्चियां सुरक्षित नहीं है तथा करीब 720 पीडब्ल्यूडी पार्कों में सीसीटीवी कैमरे नहीं है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के निर्देश पर प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ और आदर्श नगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ राव ने यहां राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला सुरक्षा पर सवाल उठाये।
सुश्री प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया कि 24 नवंबर को भारत नगर के संगम पार्क में 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश हुई। आरोपी पहले भी पॉक्सो मामले में सजा काट चुका था। उन्होंने कहा कि आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद सीसीटीवी लगाने के दावे किये गये, लेकिन संगम पार्क में कैमरे नहीं थे।
उन्होंने ऑडिट रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि पीडब्ल्यूडी के 736 पार्कों में केवल 16 में सीसीटीवी हैं, जबकि एमसीडी के 15,320 पार्कों में भी कैमरे नहीं हैं। उन्होंने दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से महिला सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही पर जवाब मांगा।
