
ग्वालियर चंबल डायरी
हरीश दुबे
————————————-
निकाय चुनाव से चंद महीने पहले और विधानसभा चुनाव के सिर्फ दो साल पहले ग्वालियर कांग्रेस में बगावत और असंतोष के खुलकर सामने आने के बाद जहां पार्टी की एकजुटता खतरे में पड़ गई है वहीं अभी तक स्थानीय संगठन पर वर्चस्व स्थापित कर चलने वाले वरिष्ठ नेताओं की किरकिरी होने के साथ ही जिलाध्यक्ष भी कमजोर पड़ गए हैं। पार्टी के लिए यह प्रतिकूल हालात शहर जिला कार्यकारिणी की नई सूची जारी होने के बाद बने हैं। कुछ माह पहले भी शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित होते ही इस्तीफों की झड़ी लग गई थी। वरिष्ठता के हिसाब से सम्मान न मिलने की तोहमत लगाकर आधा दर्जन से ज्यादा नवनियुक्त पदाधिकारियों ने इस्तीफ़े दे दिए थे, जब इस्तीफे नहीं रुके तो विधायक सतीश और पूर्व विधायक प्रवीण ने आनन फानन में पार्टी को सरेआम फजीहत से बचाने के लिए जीतू पटवारी से बात कर लिस्ट को होल्ड करा दिया था। इसके बाद से पटवारी कई मर्तबा ग्वालियर आए और नाराजगी की तह तक जाने की कोशिश की। तमाम स्थानीय छत्रपों से मशविरा और रजामंदी के बाद बीती आधी रात तमाम काँटछांट के बाद फिर से सूची जारी हुई तो एक बार फिर से पुरानी कहानी दोहराई जाने लगी है। शहर सदर भले ही यह दावा करें कि उन्हें अब तक किसी का इस्तीफा नहीं मिला है लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार जारी हो रहीं नाराजगी भरी पोस्टें और इस्तीफे के ऐलान जाहिर कर रहे हैं कि पंजा दल में घमासान मचा हुआ है। पिछली कार्यकारिणी में जनरल सेक्रेट्री बनाए गए पूर्व आईटी सेल प्रभारी तरुण यादव नई लिस्ट में अपना नाम नदारत देख आज कांग्रेस भवन में गांधी प्रतिमा के समक्ष धरने पर ही बैठ गए। शहर सदर ने भोपाल में किसी बड़े नेता से उनकी बात कराई, पक्का भरोसा मिला, तब कहीं धरने से उठे। चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाने वाले बड़ी आबादी वाले तमाम समाजों की नई लिस्ट में नुमाइंदगी सिफ़र है। पत्नी की हत्या के आरोपी एक कार्यकर्ता को सीधे जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर भी नाराजगी उभरी है। संपर्क करने पर शहर सदर का जवाब मिला कि उक्त कार्यकर्ता कोर्ट से बरी हो चुका है। सच बात यह है कि कार्यकारिणी गठन में शहर सदर की भी ज्यादा नहीं चली है। वे अपने नजदीकी अरुण कंसाना के लिए पद चाहते थे लेकिन उनका नाम गायब है। अब सीधे भोपाल में जैक लगाकर जो बड़े ओहदे ले आए हैं, उन्हीं के साथ सामंजस्य बिठाकर काम करना शहर सदर की मजबूरी होगी।
जबलपुर के लिए कार्यकर्ताओं का टोटा, नेताओं ने किया कूच
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में बीते माह हुई इंडिया गठबंधन की रैली में तमाम निर्देशों और ताईद के बावजूद ग्वालियर की भागीदारी तीन सौ से भी कम पर सिमट गई थी, इस उदासीनता पर पार्टी नेतृत्व के सख्ती के चलते युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज सहित कई पदाधिकारियों को कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई झेलना पड़ी तो कई सेक्टर, मंडलम अध्यक्षों को शो-काज नोटिस थमा दिए गए थे। दिल्ली रैली में तो ग्वालियर की कांग्रेस ने कुछ लाज बचा ली थी लेकिन प्रतीत होता है कि कल गुरुवार के रोज जबलपुर में होने जा रहे प्रदेश स्तरीय संविधान रक्षा मार्च में इससे बुरी फजीहत हो सकती है। जबलपुर के लिए ट्रेनें उपलब्ध न होने, सहालगों के चलते रिजर्वेशन न होने और निजी साधन भी न मिलने के चलते शहर और देहात के तमाम कार्यकर्ताओं ने पार्टी के इस जलसे में शरीक होने से हाथ खड़े कर दिए हैं। ग्वालियर से जाने वालों की तादाद तीनसौ भी पहुंच जाए तो बड़ी बात होगी। बहरहाल विधायक सतीश सिकरवार दस-बारह गाड़ियों के काफिले के साथ जबलपुर कूच कर गए हैं। प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा साथियों संग जबलपुर पहुंच चुके हैं जबकि दक्षिण के प्रवीण पाठक कल सुबह ही खजुराहो से जबलपुर रवाना होंगे। शहर सदर सुरेन्द्र यादव चार गाड़ियों के साथ गए हैं तो देहात सदर पीडी जौहरे ने अपनी टीम के साथ ट्रेन और निजी साधनों से रवानगी डाली। नेता भीड़ बढ़ाने के लिए दिन भर फोन खटखटाते रहे लेकिन कार्यकर्ताओं ने मजबूरियां गिना दीं।
अनुशासन तोड़ने वाले ही संभालेंगे अनुशासन की कमान ?
ग्वालियर भाजपा में अभय चौधरी ने चार बार जिलाध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड तो बनाया ही, जीडीए के चेयरमैन भी रहे, लेकिन अब उन्हें पार्टी की प्रदेश अनुशासन समिति का सदस्य बनाने पर पार्टी के ही भीतर ऐतराज उभरा है, सवाल खड़े हुए हैं। यह विवाद चौधरी के पुराने निलंबन के मामले को लेकर उठा है। इसका हवाला देकर कुछ कार्यकर्ता पूछ रहे हैं कि क्या अब अनुशासन तोड़ने वाले ही अनुशासन की कमान संभालेंगे? पुराने आदेश पत्र बताते हैं कि अनुशासनहीनता पर ही चौधरी भाजपा अध्यक्ष पद से हटाए गए थे। विवाद बढ़ा तो सूबा सदर हेमंत खंडेलवाल की सफाई आई है- मुझे ऐसे किसी मामले का पता ही नहीं था! बहरहाल इन आरोपों की काट के लिए 28 जुलाई 1999 का एक पत्र भी वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी पार्टी सदस्यता का निलंबन समाप्त करने की जानकारी दी गई है। पत्र में आरोपों को गलत बताते हुए कहा गया है कि जिला संगठन की राय व अनुशासन समिति की सिफारिश पर निलंबन खत्म किया गया था, लेकिन आदेश में यह भी उल्लेखित था कि वे एक साल तक संगठन के किसी पद पर नहीं रह सकेंगे।
