एमआईसी सदस्य पर आरोप
इंदौर: खातीवाला टैंक क्षेत्र में वार्ड 65 के भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के बेटे दीपेश पर अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर हमला कर दिया. पार्षद कमलेश कालरा ने इस हमले के लिए नगर निगम के एक एमआईसी सदस्य जिम्मेदार ठहराया है. मामले में पुलिस ने जांच का आदेश दिया. जांच के बाद पुलिस उचित कार्रवाई करेंगी.मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन 4 आनंद यादव का कहना है कि पार्षद के बेटे का मेडिकल कराया है.
पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम बनाई है. जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी. वहीं वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी जांच का हिस्सा बनाया है. घायल के मेडिकल रिपोर्ट आने पर प्रकरण दर्ज किया जाएगा. मामले में कमलेश कालरा का आरोप है कि निगम से संबंधित एक मामले में अधिकारी से चर्चा के दौरान जब उन्होंने जीतू यादव का नाम लिया, तब विवाद शुरू हुआ. उनका कहना है कि इसके बाद जीतू यादव ने उन्हें फोन पर धमकाया और देर रात करीब 50 लोगों के साथ उनके घर पर हमला करवाया. हमले के दौरान दीपेश को चोटें आई हैं और घर का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है. घटना के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जूनी इंदौर थाने पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की है.
विशेष टीम का गठन
पुलिस का कहना है कि एक विशेष टीम का गठन कर हमलावरों की पहचान की जा रही है. जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा. वहीं मामले में पार्षद कमलेश कालरा का कहना है कि यह हमला सिर्फ मुझ पर नहीं, बल्कि पार्टी और लोकतंत्र पर हमला है, मैं प्रशासन से न्याय की मांग करता हूं
