
झाबुआ. विकासखंड पेटलावद के ग्राम करवड़ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष रमेश सोलंकी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मंत्री सुश्री भूरिया ने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और नागरिक सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सुशासन के माध्यम से प्रत्येक वर्ग का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने जल संकट को देखते हुए कम पानी वाली फसलों को अपनाने और पानी के अनावश्यक अपव्यय को रोकने की अपील की है।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जिले में कम वर्षा के कारण जल संकट की स्थिति बनी है। उपलब्ध जल संसाधनों में पेयजल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने किसानों से जल उपलब्धता के अनुसार फसल चयन, अधिक पानी वाली फसलों का रकबा कम करने और सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि तलवाड़ा डैम में 25 एमसीएम जल आरक्षित रखने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहने और गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने बाल विवाह रोकथाम और ऑपरेशन मर्यादा की जानकारी भी दी। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर मंत्री ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ दिलाई। उद्यमी संवाद में हितग्राहियों ने विभिन्न योजनाओं से मिली सहायता और आत्मनिर्भरता के अनुभव साझा किए।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक और दस्तावेज वितरित किए गए। पांच स्वयं सहायता समूहों को कुल 18 लाख रुपये के ऋण राशि के डेमो चेक दिए गए। इसके अलावा पशुपालन, उद्यम क्रांति, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण, उद्यानिकी एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत भी हितलाभ प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत चार हितग्राहियों को रजिस्ट्री भी प्रदान की गई।
