
दमोह। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी सागर) शशीन्द्र सिंह चौहान द्वारा दमोह जिले का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से हुई, जहां उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस बल के टर्नआउट का बारीकी से जायजा लिया। उत्कृष्ट टर्नआउट का प्रदर्शन करने वाले जवानों को मौके पर ही पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए बल से शस्त्र कवायद (आर्म्स ड्रिल) कराई गई। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड, वाहन शाखा, रोजनामचा और रीडर शाखा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं व शासकीय वाहनों की स्थिति की समीक्षा की।
*पुलिस दरबार में सुनी जवानों की समस्याएं*
निरीक्षण के अंत में पुलिस दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें डीआईजी श्री चौहान ने पुलिस कर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी व्यक्तिगत व विभागीय समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।इस पूरे निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय, एसडीओपी अर्चना अहीर, पथरिया प्रिया सिंधी, हटा केपी सिंह, डीएसपी प्रशिक्षु/तारादेही थाना प्रभारी शिवप्रसाद कंगाली
रक्षित निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, टीआई कोतवाली मनीष कुमार, टीआई देहात सुधीर बेगी,टीआई पथरिया महेंद्र सिंह जगेत, टीआई पटेरा रचना मिश्रा, टीआई बटियागढ़ रजनी शुक्ला, टीआई तेंदूखेड़ा सरोज ठाकुर, टीआई जबेरा विकास सिंह चौहान सहित जिलेभर के थाना प्रभारी चौकी प्रभारी और पुलिस अधिकारी के अलावा, पुलिस बल,डॉग स्क्वाड टीम उपस्थित रहे।
*वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शशीन्द्र सिंह चौहान द्वारा पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया । इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपते हुए पर्यावरण संरक्षण और परिसर को हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया।
*कोतवाली थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण व दिशा-निर्देश*
पुलिस लाइन के बाद उप पुलिस महानिरीक्षक श्री चौहान ने पुलिस कार्यालय दमोह कोतवाली थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न अभिलेखों (रिकॉर्ड) के व्यवस्थित संधारण, लंबित अपराधों के निराकरण और अन्य पुलिसिंग गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं समझाइश दी।
