
रीवा, जिले के ग्राम रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में चल रहा ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आंदोलन अब सीधे प्रशासनिक और कानूनी टकराव में बदल गया है.
21 दिनों से लगातार जारी ‘चिता आंदोलन’ के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा सहित अन्य प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है. यह एफआईआर जिले के गढ़ थाने में दर्ज की गई है. प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, रीवा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने जिले की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पूर्व में ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत 2 माह के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया था. इस आदेश के बावजूद ग्राम रोझौही में धरना-प्रदर्शन जारी रखा गया. प्रशासन द्वारा मौके पर हल्का पटवारी और राजस्व निरीक्षक से जांच कराई गई. अधिकारियों द्वारा सौंपे गए जांच प्रतिवेदन में यह स्पष्ट पाया गया कि रझौही में बिना किसी वैध प्रशासनिक अनुमति के आंदोलन और प्रदर्शन किया जा रहा है. इसी प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है. उल्लेखनीय है की रोझौही में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा संयंत्र के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों का विरोध पिछले एक महीने से अधिक समय से जारी है. ग्रामीणों ने ‘जल सत्याग्रह’ से इस आंदोलन की शुरुआत की थी.
लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है: शर्मा
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध काअधिकार सबको है. जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लडऩे वालों की आवाज दबाने का प्रयास बंद हो, कानून का राज हो सत्ता का नही. उन्होंने कहा कि रोझौही की माताओं, बहनों, किसानों और स्थानीय ग्रामीणों की आवाज को उठाया जा रहा है. उन्होंने बताया की यह संघर्ष क्षेत्र के पर्यावरण, मानव जीवन, जनस्वास्थ्य और आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों को लेकर है. प्रशासन की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं और विधिक प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेंगे. उन्होंने कहा कि शांति पूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा.
