भोपाल:चर्चित डबल मर्डर केस की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब पुलिस की जांच का फोकस 2 करोड़ रुपये की संपत्ति, 18 लाख रुपये के कर्ज और हत्या से पहले हुए 6 लाख रुपये के बैंक ट्रांजैक्शन पर आ गया है। जांच में सामने आया है कि वारदात से कुछ दिन पहले मृतका की भाभी के खाते में 6 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे, जिसकी हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक दंपती के पास करोड़ों की संपत्ति और नियमित आय होने के बावजूद इतना बड़ा कर्ज क्यों लिया गया। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि संपत्तियों का नॉमिनी एक ही व्यक्ति को क्यों बनाया गया था। इस पूरे मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है और बैंक रिकॉर्ड व अन्य दस्तावेजों की जांच जारी है।
वहीं, सीसीटीवी फुटेज में रेनकोट पहने दो संदिग्ध वारदात के दिन घर में आते-जाते दिखाई दिए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दंपती को दो-दो गोलियां मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दोनों संदिग्धों पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसआईटी, क्राइम ब्रांच और साइबर टीम बैंक ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल, डिजिटल सबूत और एक हजार से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हैं।
