ग्वालियर। “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत ग्वालियर जिले में जिला स्तरीय शिविर आज शुक्रवार 27 नवम्बर को प्रातः 10 बजे से तहसील कार्यालय पुरानी छावनी अटल द्वार के पास आयोजित होगा।ग्वालियर जिले में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शतप्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” संचालित हो रहा है। जिसके तहत जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर लगाए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मैदानी भ्रमण कर आमजनों से संवाद करेंगे और जनकल्याणकारी समस्याओं का निराकरण करेंगे।
अभियान के दौरान क्षेत्रीय कार्यालयों पर सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी योजना के अंतर्गत आने वाली शिकायतों तथा आवेदन के निराकरण की समीक्षा के साथ ही समस्याओं के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही आम नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिले तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिले इस हेतु आम नागरिकों से संवाद भी किया जाएगा।
