नवभारत की पहल पर चंदन नगर में सीवरेज सुधार का काम शुरू

इंदौर: शहर में सीवरेज की समस्या को लेकर वर्षों से शिकायतें सामने आती रही हैं. नवभारत ने इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है. पिछले दिनों धार रोड स्थित चंदन नगर में गंभीर स्थिति में पहुंच चुकी सीवरेज की समस्या को नवभारत द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर निगम अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लिया. अब यहां बैकलाइन सीवरेज सुधार का काम तेजी से किया जा रहा है.

धार रोड स्थित वार्ड क्रमांक 2 के चंदन नगर में करीब 95 प्रतिशत मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवार निवास करते हैं. वर्षों से सीवरेज की समस्याओं से जूझ रहे इस क्षेत्र के रहवासियों की परेशानियों को नवभारत ने समय-समय पर प्रमुखता से प्रकाशित किया है. परिणामस्वरूप, अब चंदन नगर की बैकलाइन और सीवरेज लाइन में सुधार कार्य तेजी से चल रहे हैं. इस कार्य की खास बात यह है कि बैकलाइन में नई सीवरेज पाइपलाइन डालने के साथ ही, इसी बजट से घरों के पीछे कनेक्शन के लिए करीब तीन फीट ऊंचे पाइप निकाले जा रहे हैं. इन पाइपों में घरों के खुले और टूटे ड्रेनेज पाइप जोड़े जा रहे हैं, ताकि घरेलू गंदगी सीधे चैंबर के माध्यम से सीवरेज लाइन तक पहुंच सके. इस पहल से बैकलाइन में गंदगी फैलने और दुर्गंध की समस्या कम होने की उम्मीद है. साथ ही, इससे रहवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और क्षेत्र को साफ रखने में भी मदद मिलेगी.

यह बोले रहवासी…

बेहतर कार्य की शुरुआत है. चंदन नगर की बैकलाइन में पहली बार इस तरह का व्यवस्थित सीवरेज कार्य हो रहा है, इससे वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की उम्मीद जागी है.
– सैफुद्दीन

घर के ड्रेनेज पाइप सीधे सीवरेज लाइन से जुड़ने पर बैकलाइन साफ रहेगी, इससे रहवासियों में स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ेगी. अब इसका मेंटेनेंस भी जरूरी है.
– मुश्तक अहमद

क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों से रहवासियों में उत्साह है, हालांकि सीवरेज व्यवस्था को पूरी तरह बेहतर बनाने के लिए अन्य गलियों में भी ऐसे ही सुधार जरूरी हैं.
– मंसूर अब्बासी

पुराने छोटे पाइप हटाकर पर्याप्त साइज के पाइप डाले जा रहे

बैक लाइन के सभी पुराने पाइप, जो छोटे डाले गए थे, उनको निकाल दिया गया है. अब पर्याप्त साइज के पाइप डाले जा रहे हैं. जिन गलियों में हमने कार्य किया है, अब उन पर निगरानी भी की जा रही है.
– फातिमा खान, पार्षद

Next Post

दतिया को दिव्यांगजन सशक्तिकरण के बाद अब एड्स नियंत्रण में राष्ट्रीय सम्मान

Fri Nov 27 , 2026
दतिया। दतिया की दोहरी राष्ट्रीय उपलब्धि मिली है। एड्स नियंत्रण के लिए 1 दिसंबर को नई दिल्ली में सम्मान मिलेगा। दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने के लिए चयनित होने के बाद अब दतिया को एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय सम्मान के […]

You May Like