इंदौर: नगर निगम ने शहर में पीएम आवास योजना के चार सौ से ज्यादा फ्लैट निरस्त कर दिए है. इसकी वजह यह है कि पूर्व में आवंटित हितग्राहियों ने समय पर राशि और विलंब शुल्क जमा नहीं किया है. अब निगम द्वारा उक्त योजना में प्रतीक्षा सूची में शामिल हितग्राहियों की निरस्त फ्लैट आवंटित होंगे.
निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के आदेश पर शहर में पीएम आवास योजना के क्षिप्रा, मंदार एवं ताप्ती परिसर में आवंटित 412 आवासों का आवंटन निरस्त कर दिया गया है. उक्त परिसरों में हितग्राहियों द्वारा इंदौर 311 एप से आवासों की बुकिंग कराई गई थी, किन्तु हितग्राहियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में आवास की निर्धारित राशि एवं विलंब शुल्क जमा नहीं कराया गया.
अब उक्त 412 निरस्त आवासों का आवंटन इंदौर 311 एप की प्रतीक्षा सूची में शामिल हितग्राहियों को किया जाएगा. नगर निगम द्वारा 311 एप के द्वारा फ्लैट बुकिंग आवंटन के 7 दिवस में दस्तावेज प्रस्तुत करना होंगे. इसके बाद तय समय में 10 प्रतिशत राशि निगम खाते जमा करना होगी.
