इंदौर: भारतीय संविधान के निर्माण और उसकी मूल हस्तलिखित प्रति को कलात्मक स्वरूप देने में इंदौर और मध्यप्रदेश की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. संविधान सभा में इंदौर-मालवा-मध्य भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विनायक सीताराम सरवटे (तात्यासाहब सरवटे) और संविधान की मूल प्रति के चित्रांकन में योगदान देने वाले प्रसिद्ध चित्रकार दीनानाथ भार्गव का नाम इस गौरवशाली इतिहास से जुड़ा है.
तात्यासाहब सरवटे संविधान सभा के सदस्य थे. उन्होंने संविधान सभा की चर्चाओं में हिस्सा लेने के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और संशोधन भी प्रस्तुत किए थे. वे संविधान की अंतिम स्वीकृति के समय उस पर हस्ताक्षर करने वाले सदस्यों में शामिल थे. इंदौर के प्रसिद्ध सरवटे बस स्टैंड का नाम भी उन्हीं के सम्मान में रखा गया है. इसी तरह चित्रकार दीनानाथ भार्गव ने भारतीय संविधान की मूल हस्तलिखित प्रति को कलात्मक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. प्रख्यात चित्रकार नंदलाल बोस के मार्गदर्शन में उन्होंने संविधान के प्रथम पृष्ठ पर अशोक स्तंभ के सिंह शीर्ष का चित्रांकन किया था. इस चित्र को सजीव रूप देने के लिए उन्होंने कोलकाता के चिड़ियाघर में कई महीनों तक सिंहों की शारीरिक बनावट और गतिविधियों का अध्ययन किया था.
अहिल्या केंद्रीय ग्रंथालय में संविधान की प्रतिकृति
इंदौर के शासकीय श्री अहिल्या केंद्रीय ग्रंथालय में भारतीय संविधान की मूल हस्तलिखित प्रति की एक सुंदर प्रतिकृति संरक्षित है. यह प्रतिकृति वर्ष 2000 में राजा राममोहन राय लाइब्रेरी फाउंडेशन, कोलकाता से प्राप्त हुई थी. इसमें संविधान की मूल प्रति की हस्तलिखित शैली, कलात्मक चित्रांकन और ऐतिहासिक स्वरूप को दर्शाया गया है. गवर्नमेंट श्री अहिल्या सेंट्रल लाइब्रेरी इंदौर विभाग अध्यक्ष हर्षिता डेविड ने बताया कि संविधान की यह प्रतिकृति ग्रंथालय की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और शैक्षणिक धरोहर है. इसकी सुरक्षा और संरक्षण के लिए इसे विभागाध्यक्ष कक्ष में लॉकयुक्त कांच के शोकेस में रखा जाता है. प्रतिवर्ष संविधान दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर इसे विशेष रूप से आम नागरिकों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित किया जाता है.
