कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बांसद्रोणी इलाके में गुरुवार सुबह पुलिस बैरक के कमरे में एक पुलिसकर्मी का शव फंदे से लटका पाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार पुलिसकर्मी ने आत्महत्या की है, हालांकि इसके पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
मृतक 40 वर्षीय संजय हलदर पुलिस ड्राइवर के रूप में तैनात थे। उनका मुख्य काम पुलिस अधिकारियों के लिए गाड़ियां चलाना और संदिग्धों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना था। उनका घर डोलतला में है लेकिन वे बैरक में ही रहते थे। बुधवार रात हलदर बैरक में मौजूद थे। जब उनके साथी अपनी-अपनी ड्यूटी पर चले गए, तो उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। सुबह जब उनके साथी वापस आये और दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया और उनका शव फंदे से लटका हुआ पाया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मृतक के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। जांचकर्ताओं को उम्मीद है कि फोन के डेटा से इस पुलिसकर्मी की रहस्यमयी मौत के बारे में कुछ सुराग मिल सकते हैं। उनके परिवार को सूचित कर दिया गया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या पुलिसकर्मी ने काम के दबाव या किसी निजी/पारिवारिक समस्या के कारण यह आत्मघाती कदम उठाया है। इसके अलावा अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
