
सिंगरौली । स्थानीय मायाराम महाविद्यालय मेढ़ौली-मोरवा में आज गुरूवार को संविधान दिवस-राष्ट्रीय विधि दिवस का आयोजन किया गया। महावि. के अध्यक्ष एवं संचालक बद्री नारायण बैस के मार्गदर्शन में संपन्न हुया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान शिल्पी भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं समस्त महान विभूतियों के छायाचित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात महावि. परिसर में भारतीय संविधान की प्रस्तावना उद्देशिका का सामूहिक वाचन हुआ।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध भी जरूरी
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के संचालक बद्री नारायण बैस ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सर्वश्रेष्ठ और जीवंत लोकतांत्रिक दस्तावेज है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान हमें न केवल मौलिक अधिकार देता है, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का भी बोध कराता है। एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनकर ही युवा सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकते हैं। इधर आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य विक्रांत सिंह, समस्त प्राध्यापकगण, गैर-शिक्षण स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
