
सागर/ बण्डा। सागर जिले के बंडा अनुभाग के बीला थाना अंतर्गत सोमवार शाम सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार रूरावन -पापेट तिराहा पर दो मोटर साइकिल आपस में टकरा गई, जिनमे से एक का नंबर एमपी 15 एनएल 3559 है ,तभी पीछे से आ रहा आईसर ट्रक एपी39डब्ल्यू 0483 टकराकर गिरे बाइक सवारों को कुचलता हुआ चला गया। जिससे घटना स्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई, एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइकों पर पांच लोग सवार थे। एक मृतक की पहचान गौरव पिता रामस्वरूप अहिरवार उम्र 19 वर्ष निवासी रूरावन के रूप में हुई, शेष मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंडा पहुंचाया। पुलिस के घटना स्थल पर देर से पहुंचने पर नाराज ग्रामीणों ने पथराव कर चक्का जाम का भी प्रयास किया। घटना सोमवार शाम 6:45 की बताई जा रही है।
