
बीना। बीना थाना क्षेत्र अंतर्गत झांसी गेट ओवरब्रिज पर स्कूल छात्राओं को ले जा रहे ऑटो चालक के साथ मारपीट कर एक मनचले युवक द्वारा छेडछाड की घटना के बाद छात्राएं सीधे पुलिस थाने पहुंचीं और आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष वार्ड निवासी 27 वर्षीय सौरव यादव ग्राम पार से छात्राओं को बीना के गर्ल्स स्कूल तक ऑटो से पहुंचाते हैं। वह छात्राओं को लेकर स्कूल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान झांसी गेट ओवरब्रिज पर एक युवक अपनी बाइक (एमपी 15 एमएम 5350) से अचानक ऑटो के सामने आ गया और रास्ता रोक लिया।जब सौरव ने युवक को हटने के लिए कहा, तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और ऑटो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना से ऑटो में बैठी छात्राएं भयभीत हो गईं।घटना के तुरंत बाद,भयभीत छात्राएं ऑटो चालक के साथ थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने ऑटो चालक सौरव यादव से लिखित शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
