लंदन, 26 अक्टूबर (वार्ता) ब्रिटेन में कहर बरपा रहे ‘बोएलो’ तूफान के कारण रविवार को पेड़ गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 90,000 से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई। भीषण परिस्थितियों के कारण ऊर्जा नेटवर्क इंजीनियरों को सुरक्षित रूप से मरम्मत कार्य शुरू करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति बहाल होने में देरी हो रही है। बीबीसी के अनुसार, उत्तरी लंदन के फिंचले स्थित डॉलिस रोड पर दोपहर के समय एक चलती कार पर पेड़ गिर जाने से 20 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले, स्कॉटलैंड के डमफ्रीज और गैलोवे स्थित मिड केल्टन में पेड़ गिरने से 60 वर्षीय व्यक्ति ने जान गंवा दी, जबकि एबरफेल्डी में भी पेड़ की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौसम विभाग ने स्कॉटलैंड और उत्तरी इंग्लैंड के लिए एंबर और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को घरों के अंदर रहने और इमारतों तथा पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी है। रविवार सुबह माचरीहैनिश में हवा की गति 85 मील प्रति घंटे तक पहुंच गई, जबकि स्कॉटिश हाइलैंड्स के क्लुआनी इन में 130 मिमी तक अत्यधिक बारिश दर्ज की गई।
तूफान के कारण कई तटीय सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में पानी भर गया है तथा नौका, हवाई और रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। स्थिति की समीक्षा के लिए स्कॉटिश सरकार के मंत्रियों ने बैठक की है और आने वाले दिनों में फिर से खराब मौसम की चेतावनी दी गई है।

