संविधान लोकतंत्र की बुनियाद, विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता हरदीप सिंह पुरी

इंदौर। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। लोकतंत्र का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। युवाओं को संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों को समझकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

पुरी गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) में आयोजित विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर केंद्रीय मंत्रियों को देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करने की जिम्मेदारी दी गई थी, ताकि नई पीढ़ी को संविधान की ऐतिहासिक यात्रा और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसके महत्व से परिचित कराया जा सके। पुरी ने इस पहल को गर्व का विषय बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के गायन से हुई। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक राकेश गोलू शुक्ला, कुलपति राकेश सिंघई, कुलसचिव डॉ. प्रज्वल खरे सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हुआ और 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। यह नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। संविधान के मूल सिद्धांत नागरिक स्वतंत्रता, सामाजिक समरसता और समान अवसरों की गारंटी देते हैं।

उज्ज्वला योजना से महिलाओं के जीवन में आया बदलाव

महिला सशक्तीकरण पर चर्चा करते हुए पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों तक स्वच्छ रसोई ईंधन पहुंचा है। वर्ष 2014 में देश में करीब 14 करोड़ एलपीजी कनेक्शन थे, जो अब बढ़कर लगभग 33.50 करोड़ हो गए हैं। इससे महिलाओं को रसोई के धुएं से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिली है और उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

अहिल्याबाई होलकर के योगदान को किया याद

पुरी ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने महिला शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

अपने परिवार का प्रसंग साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी सास मालती बाई और उनकी बड़ी बहन करीब एक सदी पहले पढ़ाई के लिए इंदौर के अहिल्या आश्रम आई थीं। उस समय की सामाजिक परिस्थितियों के बावजूद उनके पिता ने बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी। बाद में दोनों बहनों ने मुंबई विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की। पुरी ने कहा कि देवी अहिल्याबाई की शिक्षा और सामाजिक कल्याण संबंधी सोच आज भी प्रासंगिक है।

विद्यार्थियों ने पूछे संविधान और विकास से जुड़े सवाल

विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान संविधान, लोकतंत्र, आर्थिक विकास, सामाजिक समरसता, पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे गए। पुरी ने उन्हें तथ्यों के आधार पर विषयों का अध्ययन करने और देश की उपलब्धियों के साथ चुनौतियों को भी व्यापक दृष्टिकोण से समझने की सलाह दी।

कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा, एलपीजी आपूर्ति, स्वच्छ ईंधन, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम और पेट्रोलियम क्षेत्र में तकनीकी विकास से जुड़ी जानकारी साझा की।

विद्यार्थियों ने बेबाकी से पूछे सवाल, मंत्री ने दिए जवाब

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संविधान, सामाजिक समानता, आर्थिक असमानता, भेदभाव, बेरोजगारी, देश की आर्थिक स्थिति और मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े कई सवाल केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के सामने रखे। स्कूल ऑफ लॉ के प्रथम वर्ष के छात्र प्रद्युम्न नागवंशी ने सामाजिक समानता और आर्थिक असमानता का मुद्दा उठाते हुए देश एवं प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल किए। इसी तरह अन्य विद्यार्थियों ने भी विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें तथ्यों के आधार पर विषयों को समझने और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर व्यापक दृष्टिकोण रखने की सलाह दी।

Next Post

युवा सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकते हैं: बद्री

Thu Nov 26 , 2026
सिंगरौली । स्थानीय मायाराम महाविद्यालय मेढ़ौली-मोरवा में आज गुरूवार को संविधान दिवस-राष्ट्रीय विधि दिवस का आयोजन किया गया। महावि. के अध्यक्ष एवं संचालक बद्री नारायण बैस के मार्गदर्शन में संपन्न हुया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति […]

You May Like