
छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा थाना पुलिस ने बाइक चोरी की तीन अलग-अलग वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन बाइक भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, पहली वारदात में 21 नवंबर को फरियादी मनोज वर्मा निवासी वार्ड क्रमांक 13, चौरई रोड अमरवाड़ा के घर के सामने खड़ी होंडा सीडी बाइक एमपी 28 एमटी 3692 अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में 24 नवंबर को अपराध क्रमांक 821/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। दूसरी घटना 20 नवंबर को ग्राम सुखारीकला में हुई थी। यहां मड़ई मेले में पानी की टंकी के पास खड़ी फरियादी अरुण ठाकुर की होंडा एचएफ डीलक्स बाइक एमपी 28 एमएल 4948 चोरी हो गई थी। इस मामले में 25 नवंबर को अपराध क्रमांक 824/2026 दर्ज किया गया। इसी तरह तीसरी वारदात में ग्राम दोडाईकला निवासी धनपाल नवरेती की एचएफ डीलक्स बाइक एमपी 48 एनए 5965 चोरी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 694/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता ००००
पुलिस की टीम ने घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की सक्रिय मदद से संदिग्धों की तलाश की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। कार्रवाई के दौरान विनोद वर्मा 27 वर्ष निवासी सुखारी खुर्द और आयुष वर्मा 21 वर्ष निवासी अमरवाड़ा को गिरफ्तार किया । वहीं एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से चोरी की तीनों बाइक बरामद कर ली हैं।
