
सुसनेर, नगर में इन दिनों जुएं के अवैध कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो रही हैं. आरोप है कि सुसनेर नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में शाम ढलते ही जुएं की महफिलें सजने लगती हैं और देर रात तक यह गतिविधियां संचालित होती हैं. इसके बावजूद इस कथित अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आने से पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि दिनभर शांत रहने वाले कुछ स्थानों पर शाम होते ही जुआं खेलने वालों की आवाजाही बढऩे लगती है. यदि इन गतिविधियों की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंच रही है, तो फिर पुलिस प्रशासन तक इसकी सूचना क्यों नहीं पहुंच रही या फिर सूचना मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो पा रही है. ये ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब नगर की जनता जानना चाहती है.
युवाओं और परिवारों पर पड़ सकता है असर
जुएं की लत कई परिवारों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर सकती है. कम समय में अधिक पैसा कमाने के लालच में युवा भी इसकी गिरफ्त में आ सकते हैं.
पुलिस-प्रशासन पर उठ रहे सवाल…
नगरवासियों की मांग है कि पुलिस प्रशासन जुएं के संभावित ठिकानों को चिह्नित कर निष्पक्ष जांच करे. शाम के समय विशेष गश्त बढ़ाई जाए और यदि कहीं जुआं संचालित होता पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए. अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इन सवालों को कितनी गंभीरता से लेता है और सुसनेर में कथित रूप से चल रहे जुएं के कारोबार पर कब कार्रवाई होती है.
आखिर किसकी मेहरबानी से चल रहा कारोबार
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जुएं का यह कथित कारोबार किसकी मेहरबानी से फल-फूल रहा है. क्या जुआं संचालित करने वाले लोगों को कानून का कोई डर नहीं है. यदि नगर में नियमित रूप से ऐसी गतिविधियां चल रही हैं, तो पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है.
इनका कहना है…
आपके द्वारा मामला संज्ञान में आया है. मैं जानकारी लेता हूं. – दिलीप कुमार सोनी, एसपी, आगर
