
शाजापुर, आंध्र से उठे चक्रवात अकवान का असर खत्म होते ही मौसम पूरी तरह सर्द हो चुका है. जहां पहले सुबह-शाम ही लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा था. वहीं अब दिन में भी लोग धूप का आनंद लेते नजर आ रहे हैं. तो सुबह-सवेरे अलाव भी दिखाई देने लगे हैं. मौसम विभाग की मानें, तो दिसंबर के दो सप्ताह मौसम ऐसा ही रहेगा. इसके बाद तापमान में और गिरावट होने की संभावना है.
अकवान चक्रवात के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा था. लेकिन दो-तीन दिनों से मौसम पूरी तरह बदला नजर आ रहा है. अब सुबह-सवेरे ही नहीं, बल्कि दिन में भी सर्द हवाएं लोगों को सर्दी का एहसास करा रही हैं. जिसके चलते लोगों को अब दिनभर गर्म कपड़े राहत दे रहे हैं. तो सुबह-सवेरे काम पर जाने वाले लोग अलाव का सहारा लेते भी दिखाई दे रहे हैं. गुरुवार को नगर का अधिकतम तापमान 28.1 व न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं पूरे दिन 10 किमी की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं भी चलती रही, जिससे सुबह-शाम ही नहीं बल्कि पूरे दिन नगरवासियों को ठंडक का एहसास होता रहा. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि अभी मौसम ऐसा ही बना रहेगा. इसके बाद तापमान में और गिरावट की संभावना है.
सुबह-शाम जलने लगे अलाव
सर्दी का मौसम आते ही अलाव से सबसे ज्यादा राहत मिलती है. सुबह-सवेरे जल्दी काम पर जाने वाले लोगों को भी अब अलाव की याद आने लगी है. हाईवे पर भी गुरुवार अलसुबह कुछ लोग अलाव से सर्दी से राहत पाने का प्रयास करते नजर आए.
