
शाजापुर, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य के मार्गदर्शन में शासकीय माध्यमिक विद्यालय ग्राम टुकराना में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम एवं सामूहिक शपथ का आयोजन किया गया. इस दौरान निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करते हुए शासकीय माध्यमिक विद्यालय ग्राम टुकराना को तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान घोषित किया गया.
जागरुकता कार्यक्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं विद्यालयीन स्टाफ के साथ समूह चर्चा कर तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी. ग्राम टुकराना के सरपंच बलदेव सौराष्ट्रीय ने उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी तंबाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ दिलाई. साथ ही उन्होंने ग्राम टुकराना को तंबाकू मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया. विद्यालय परिसर में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान के निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करते हुए प्राचार्य द्वारा स्वघोषणा की गई, जिसके आधार पर टुकराना विद्यालय को तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान घोषित किया गया. कार्यक्रम में सरपंच बलदेव सौराष्ट्रीय, विद्यालय प्राचार्य हेमराज विश्वकर्मा, ग्राम सचिव रामेश्वर सौराष्ट्रीय, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
