पटना, 26 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर संविधान का सत्ता के लिए दुरुपयोग करने और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने संविधान को सत्ता का हथियार बनाया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने इसे गरीबों, पिछड़ों, वंचितों और महिलाओं के सशक्तिकरण का माध्यम बनाया है। श्री नवीन ने कहा कि संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों की सभ्यता, संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतिबिंब है।
भाजपा अध्यक्ष ने गुरुवार को पटना में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की जननी बिहार की धरती का संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं के विकास में विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि वैशाली के लिच्छवी गणराज्य, बोधगया में भगवान बुद्ध की संघ परंपरा और पाटलिपुत्र में सम्राट अशोक के शासन से लोकतांत्रिक विमर्श, सहमति और लोककल्याण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि भारत को लोकतंत्र सीखने के लिए दुनिया की ओर देखने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भारत ने दुनिया को लोकतंत्र की परिभाषा दी है।
भाजपा नेता श्री नवीन ने संविधान के स्वरूप, आत्मा और प्राण की चर्चा करते हुए कहा कि संविधान का स्वरूप उसके अनुच्छेदों में, आत्मा भारत की सभ्यता और संस्कृति में तथा प्राण उन लोगों में निहित हैं, जो इसे लागू करते हैं और इसका पालन करते हैं। उन्होंने संविधान की मूल प्रति में प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर सहित भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़े चित्रों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति को प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने हाथ से लिखा था और शांतिनिकेतन के कला भवन में आचार्य नंदलाल बोस ने इसे चित्रित किया था।
श्री नवीन ने कांग्रेस पर संविधान के प्रावधानों का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अनुच्छेद 356 का उपयोग कर उसने 90 से अधिक बार निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध और वर्ष 1951 में पहले संविधान संशोधन के माध्यम से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता और निजी राजनीतिक हितों को संविधान की भावना से ऊपर रखा।
भाजपा अध्यक्ष ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ कांग्रेस के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब को संविधान सभा में पहुंचने से रोकने का प्रयास किया और बाद में चुनावों में भी उन्हें पराजित किया। उन्होंने हिंदू कोड बिल को रोकने और बाबा साहब को लंबे समय तक भारत रत्न से सम्मानित नहीं किए जाने का उल्लेख किया।
