
रीवा, शहर में अग्नि सुरक्षा के नियमों को ताक पर रखकर चल रहे प्रतिष्ठानों पर नगर निगम ने कार्यवाही शुरू कर दी है. निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देश पर शहर के तीन रेस्टोरेंटों के रूफटॉप किचन सील कर दिए. अवैध रूप से ये रूफटॉप किचन धुआं रेस्टोरेंट, ब्रह्मा होटल और ड्रिंक्स एंड डाइन द्वारा चलाए जा रहे थे. मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं अधिनियम, 2026 लागू होने के बाद इस अधिनियम के तहत यह पहली कार्यवाही है. नगर निगम रीवा द्वारा नए फायर एक्ट के तहत सीलिंग की कार्यवाही शुरू कर दी गई है. इस कार्यवाही के माध्यम से निगम ने शहर के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन का स्पष्ट संदेश दिया है.
मध्यप्रदेश भूमि विकास नियम, 2012 के अनुसार भवन की छत पर किचन चलाना नियम विरुद्ध है. टीम द्वारा निरीक्षण में पाया गया कि तीनों प्रतिष्ठान छत पर किचन चला रहे थे. छत पर गैस सिलेंडर और भट्टियों के साथ खाना बनाने से आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. निगम की टीम द्वारा 6 सिलेंडर भी जब्त की गई है. गौरतलब है कि आग लगने पर ऊपरी मंजिल से लोगों को निकालना और राहत-बचाव करना भी बहुत कठिन हो जाता है. नगर निगम ने संबंधित संचालकों को इस संबंध में बार-बार नोटिस देकर रूफटॉप किचन हटाने और अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद भी संचालकों ने सुधार नहीं किया और नियमों की लगातार अनदेखी करते रहे. इसे नागरिकों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा मानते हुए फायर टीम ने मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं अधिनियम, 2026 के प्रावधानों के तहत तीनों किचन मौके पर ही सील कर दिए.
कार्यवाही के दौरान उपयंत्री श्याम सुंदर मिश्रा, शुभम तिवारी, अमन सिंह तिवारी, आशुतोष पांडे, अतिक्रमण प्रभारी सुखेंद्र चतुर्वेदी, लीडिंग फायरमैन राशिद खान के साथ पुलिस बल और अतिक्रमण दस्ता मौजूद रहा.
