खेलते-खेलते घर से निकले दो मासूम भटके रास्ता, डायल-112 ने परिजनों से मिलाया

सीधी: खेलते-खेलते घर से बाहर निकले दो मासूम बच्चे रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गए। अनजान जगह पर अकेले मिले 5 और 6 वर्षीय दोनों बच्चों के लिए डायल-112 के जवान मददगार साबित हुए। पुलिस जवानों ने न केवल बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया, बल्कि आसपास पूछताछ कर उनके परिजनों का पता लगाया और सकुशल घर पहुंचाकर परिवार के सुपुर्द किया। मामला जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हस्तिनापुर का है। पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को 25 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:10 बजे सूचना मिली कि हस्तिनापुर गांव में दो छोटे बच्चे मिले हैं, जो घर से निकलने के बाद रास्ता भटक गए हैं।

सूचना मिलते ही सेमरिया थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचे डायल-112 के आरक्षक सतीश तिवारी एवं पायलट रुपेश मिश्रा ने दोनों बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके बाद जवानों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर बच्चों के घर और परिजनों की जानकारी जुटाई। पूछताछ में पता चला कि दोनों बच्चे ग्राम पौड़ी, थाना सेमरिया के निवासी हैं। इसके बाद पुलिसकर्मी बच्चों को लेकर उनके घर पहुंचे। पहचान एवं आवश्यक सत्यापन के बाद दोनों मासूमों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। काफी देर से बच्चों की तलाश में परेशान परिजनों ने जब उन्हें सुरक्षित देखा तो राहत की सांस ली। बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिवारजनों ने डायल-112 के जवानों की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Next Post

शाहरुख-अनंत वायरल वीडियो विवाद में इन्फ्लुएंसर सुविज्ञा शर्मा का पलटवार, लीगल नोटिस व BNS मानहानि दावों पर छिड़ी बहस

Thu Nov 26 , 2026
मुंबई,  अभिनेता शाहरुख खान और अनंत अंबानी से जुड़ी कथित वायरल रील को लेकर भेजे गए 23 नवंबर के लीगल नोटिस में एक्टर की लीगल टीम ने संबंधित कंटेंट व कैप्शन को गुमराह करने वाला और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा […]

You May Like