पटना। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुई। शादी में बड़ी संख्या में मेहमानों और समर्थकों के पहुंचने से पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल रहा। हालांकि, मेहमानों की भारी भीड़ के चलते भोजन की व्यवस्था संभालना आयोजकों के लिए चुनौती बन गया।
शादी समारोह के दौरान खाने के पंडाल में लोगों की लंबी कतारें लग गईं। हर कोई जल्द से जल्द भोजन लेने की कोशिश करता नजर आया। भीड़ बढ़ने के कारण कई लोगों को खाने की प्लेट तक नहीं मिल पा रही थी। स्थिति संभालने के लिए भोजन काउंटर पर तैनात कर्मचारियों ने एक साथ कई प्लेटें हवा में उछालकर लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच शोर-शराबा भी शुरू हो गया।
*150 से ज्यादा तरह के पकवानों का इंतजाम*
शादी में आने वाले मेहमानों के लिए 150 से अधिक प्रकार के व्यंजन तैयार कराए गए थे। आयोजन में चार लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने का अनुमान जताया गया था। शाम के समय अचानक भीड़ बढ़ने से भोजन पंडाल में व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा और आयोजकों को भीड़ नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
गमछा लहराकर अनंत सिंह ने किया स्वागत
इस बीच अनंत सिंह भी समर्थकों के बीच पहुंचे। उन्होंने गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। शादी समारोह में मेहमानों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसी माहौल के बीच शिवांगी सिंह और उनके जीवनसाथी की जयमाला की रस्म पूरी हुई।
*शादी से पहले हुआ घुड़दौड़ का आयोजन*
बेटी की शादी को लेकर अनंत सिंह के गांव में पहले से ही कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। शादी से पहले घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी रखी गई थी। हालांकि, भारी भीड़ के चलते प्रतियोगिता निर्धारित समय पर पूरी नहीं हो सकी और इसे अगले दिन तक जारी रखने का फैसला किया गया।
शादी के भव्य आयोजन के बीच जहां मेहमानों के लिए खास इंतजाम चर्चा में रहे, वहीं भोजन पंडाल में प्लेटों को लेकर हुई अफरा-तफरी भी समारोह का चर्चित दृश्य बन गई।
