घटते भंडार के बीच अमेरिका ने यूक्रेन को मिसाइल पैकेज की आपूर्ति में देरी की

वाशिंगटन/कीव, 25 नवंबर (वार्ता) अमेरिका ने यूक्रेन को 60 इंटरसेप्टर मिसाइलों वाले एक पैकेज की आपूर्ति स्थगित कर दी है, जबकि उसे इन मिसाइलों की तत्काल आवश्यकता है।

‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ महीने पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा था कि अमेरिका की सैन्य आपूर्ति मात्रा में भारी गिरावट आयी है। उन्होंने कहा था कि तेज होते रूसी हमलों के बीच अमेरिकी भंडार का केवल पांच प्रतिशत हिस्सा ही यूक्रेन को कम से कम ‘सर्दियों में टिके रहने’ में सक्षम बना देगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष यूक्रेन के पास उपलब्ध इंटरसेप्टर मिसाइलों की संख्या आधी रह गयी है, जबकि कुल सैन्य आपूर्ति में तीन से चार गुना तक की कमी आयी है।

रूसी समाचार माध्यम ‘इजवेस्तिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, विशेषज्ञों का मानना है कि आपूर्ति में यह देरी स्वयं पश्चिमी देशों के भंडार में आयी गिरावट के कारण हुई है, जो चार वर्ष पहले युद्ध शुरू होने के बाद से काफी कम हो गया है।

प्रकाशन के अनुसार, यूक्रेन के पश्चिमी सहयोगियों की धनराशि से खरीदी गयी अमेरिका निर्मित और उत्पादित पीएसी-3 और पीएसी-2 मिसाइल प्रणालियों की आपूर्ति में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कारण देरी हो रही है।

यूक्रेन की वायु रक्षा के प्रमुख घटक ‘पैट्रियट’ वायु रक्षा प्रणाली के लिए अमेरिका निर्मित मिसाइलों के हस्तांतरण के लिए सभी निर्यात और पुनः निर्यात समझौतों के लिए स्थानीय अधिकारियों की मंजूरी आवश्यक होती है। यही नियम यूरोपीय ऑर्डर वाली मिसाइलों पर भी लागू होता है।

रिपोर्टों के मुताबिक, शुरुआत में सितंबर में आठ पीएसी-3 मिसाइलों की आपूर्ति निर्धारित की गई थी, जबकि अक्टूबर और नवंबर में 10 अन्य मिसाइलों तथा दिसंबर में 12 और मिसाइलों की आपूर्ति तय की गयी थी। अभी तक हालांकि किसी भी खेप की आपूर्ति को हरी झंडी नहीं दी गयी है, इसके साथ ही लगभग 20 पीएसी-2 मिसाइलों की आपूर्ति के लिए भी मंजूरी की आवश्यकता है।

अमेरिकी मीडिया के अनुसार, अक्टूबर तक यूक्रेन का मिसाइल भंडार गंभीर रूप से निचले स्तर पर पहुंच गया था और उसे तत्काल आपूर्ति की आवश्यकता थी, अन्यथा इन वायु रक्षा प्रणालियों के लिए उसके पास मिसाइलें पूरी तरह से समाप्त हो जायेंगी।

श्री जेलेंस्की ने नसाम्स और पैट्रियट के लिए मिसाइलों की आपूर्ति को हरी झंडी देने के लिए आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने में हेगसेथ द्वारा की जा रही लगातार देरी पर दुख व्यक्त किया है और अपने सहयोगियों से अमेरिका से इस मुद्दे पर चर्चा करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका इन इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति कुछ वर्षों में ही शुरू कर पायेगा।

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ को बताया कि यूक्रेन का समर्थन करने की अमेरिकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है, लेकिन उन्होंने आपूर्ति में हो रही देरी से जुड़े आगे के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।

अक्टूबर के अंत तक अमेरिकी विदेश विभाग ने यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर में 500 पीएसी-3 मिसाइलों की संभावित बिक्री को मंजूरी दी थी, जिसका भुगतान कनाडा, नॉर्वे, जर्मनी द्वारा आवंटित धनराशि के साथ-साथ यूरोपीय संघ (ईयू) के ऋणों के माध्यम से यूक्रेन को मिलने वाले कोष से किया जाना है।

अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने तीसरे देशों से यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइलों के हस्तांतरण को खारिज कर दिया है, हालांकि रक्षा मंत्रालय ने आपूर्ति के लिए यूक्रेन के अनुरोधों को सीधे तौर पर खारिज नहीं किया, लेकिन वह उन्हें मंजूरी देने के लिए आवश्यक कदम उठाने में विफल रहा है।

रूसी अधिकारियों ने यूक्रेन को दी जा रही पश्चिमी सैन्य सहायता की बार-बार निंदा करते हुए कहा है कि यूक्रेन को लगातार गोला-बारूद की आपूर्ति केवल युद्ध को लंबा खींच रही है और इससे इसके परिणाम में कोई बदलाव नहीं आयेगा। इसके अलावा, यूक्रेन के लिए भेजी जाने वाली सभी सैन्य आपूर्ति अब रूसी सैनिकों के लिए वैध लक्ष्य बन गयी हैं। रूसी राष्ट्रपति ने पहले कहा था कि रूस यूक्रेन की ओर जाने वाली पैट्रियट प्रणालियों के किसी भी पैकेज को ‘नष्ट’ कर देगा।

रूस ने अक्सर यह दावा किया है कि अमेरिका और नाटो का सैन्य-औद्योगिक तंत्र गोला-बारूद की खपत की दर और वैश्विक मांग का सामना करने में असमर्थ है, जिससे यूक्रेन और अन्य सहयोगियों को सैन्य सहायता प्रदान करने की पश्चिम की क्षमता कमजोर होती है। पैट्रियट प्रणालियों और इंटरसेप्टर मिसाइलों का घटता भंडार इस मामले की सच्चाई को दर्शाता है।

 

 

 

Next Post

दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को पारी और 219 रनों से पीटा

Wed Nov 25 , 2026
सेंचुरियन, 25 नवम्बर (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट के तीसरे ही दिन बुधवार को पारी और 219 रन से पीटकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इस पूरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका कभी भी दबाव में नहीं दिखी। टॉस जीतने के बाद कार्यवाहक कप्तान एडेन […]

You May Like