भोपाल। भोपाल में खेली जा रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने जापान को 4-0 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस मुकाबले में दीपिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत की ओर से लालरेम्सियामी ने 11वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद दीपिका ने 15वें मिनट में दूसरा गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। दूसरे क्वार्टर में नेहा ने 27वें मिनट में तीसरा गोल दागा, जबकि चौथे क्वार्टर में 47वें मिनट पर दीपिका ने अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल किया। पूरे मुकाबले में जापान की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।
दिन के अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने थाईलैंड को 4-0 से हराया, जबकि चीन ने कोरिया को 1-0 से मात दी। अब भारतीय टीम 27 नवंबर को सेमीफाइनल में मलेशिया से भिड़ेगी। यह मुकाबला शाम 7 बजे खेला जाएगा।
