
जबलपुर। गोहलपुर थाना अंतर्गत मालगुजार नर्मदा नगर में बुधवार को पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने अपनी 9 वर्षीय बेटी के साथ फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। एक साथ माँ और बेटी की मौत की खबर से हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। छानबीन के दौरान सुसाइड नोट भी बरामद हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालगुजार नर्मदा नगर निवासी अंजना कुशवाहा (40) और उनकी बेटी मुस्कान कुशवाहा (9) ने बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे घर के कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। प्रारंभिक पुलिस जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में इस खौफनाक कदम के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। मृतिका के परिजनों का आरोप है कि अंजना ने 2013 में मनीष से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही पति उसे प्रताडि़त करने लगा था । दूसरी महिला से भी अमनीष के संबंध थे जिसको लेकर भी दोनों के बीच में विवाद चलता था। घरेलू विवादों के चलते अंजना लंबे समय से परेशान थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है। तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट में लिखी बातों और हैंडराइटिंग की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है और मामले के हर संभावित पहलू पर गंभीरता से तफ्तीश जारी है। अब तक की जांच में पारिवारिक विवाद सामने आया है। विस्तृत जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
