इंदौर: एक पेड़ मां के नाम के तहत मुख्यमंत्री बीएसएफ परिसर बुढानिया पहाड़ी पर पौधारोपण करेंगे. इसके साथ ही इंदौर में 21 लाख पौधारोपण का महाअभियान को शुरू हो जाएगा. मुख्यमंत्री के पौधारोपण में भाग लेने को लेकर आज नगरीय प्रशासन मंत्री तैयारियों का जायजा लिया.जनकार्य एवं उद्यान प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि 12 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) परिसर स्थित बुढ़ानिया पहाड़ी पर वृहद पौधारोपण अभियान में भाग लेंगे. इस दौरान शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, औद्योगिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ पौधारोपण किया जाएगा.
उक्त कार्यक्रम को लेकर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुढ़ानिया पहाड़ी का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पहाड़ी पर पर उपलब्ध पौधों की गुणवत्ता, पौधारोपण के गड्ढों, सिंचाई व्यवस्था, पौधों के संरक्षण, पहुंच मार्ग, पार्किंग, पेयजल, छायादार व्यवस्था, सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया. मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि पौधे का संरक्षण एवं नियमित देखभाल करना आवश्यक है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण स्थल पर पौधों के परिवहन, वितरण, रोपण एवं उनके संरक्षण की समुचित कार्ययोजना बनाकर कार्य करें. निरीक्षण के दौरान सीमा सुरक्षा बल के कमांडेंट ज्ञानेश्वर खाड़े, निगम अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव सहित उद्यान विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.
