
खंडवा। शुरुआत सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था सेस द्वारा आयोजित किए जाने वाले उड़ानोत्सव का आयोजन संविधान दिवस 26 नवंबर को किया जाएगा। उड़ानोत्सव में इस वर्ष भी प्रदेश की तीन शख्सियतों को गणतंत्र के रक्षक अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट श्री मंसूर नक़वी भोपाल, श्रीमती राजश्री शर्मा खंडवा एवं श्री ख्यालीराम सेजगाया, खरगोन को इस अवार्ड से नवाज़ा जाएगा।
अवार्ड समारोह के संयोजक आसिफ सिद्दीकी ने बताया कि इस वर्ष जिन शख्सियतों को गणतंत्र के रक्षक अवार्ड दिया जाएगा उनमें अपने कार्टून के माध्यम से समाज में चेतना जगाने का काम करने वाले भोपाल के कार्टूनिस्ट श्री मंसूर नक़वी, संविधान को छंद बद्ध करने के अभियान में आहूति देने वाली खंडवा की साहित्यकार श्रीमती राजश्री शर्मा एवं पांच लाख पौधे लगाकर पर्यावरण की रक्षा करने वाले खरगोन जिले के पर्यावरण प्रेमी ख्यालीराम सेजगाया को यह अवार्ड दिया जाएगा। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इन नामों पर अंतिम मोहर प्रमोद चतुर्वेदी, जय नागड़ा, श्री एवं श्रीमती सीमा प्रकाश माइकल एवं सेस की अध्यक्ष शबीना शेख सिद्दीकी के प्रतिनिधित्व वाली ज्यूरी ने लगाई। शुरूआत की अध्यक्ष शबीना सिद्दीकी ने बताया कि शुरूआत के उड़ानोत्सव 2026 का आयोजन सिविल लाइन स्थित किशोर सभागार में किया जा रहा है। संविधान दिवस 26 नवंबर को सुबह 11 बजे समारोह शुरू होगा।
