इंदौर: स्वच्छता में देशभर में पहचान बनाने वाले इंदौर शहर की तस्वीर कुछ क्षेत्रों में उलट नजर आ रही है. ऐसा ही एक मामला वार्ड क्रमांक 1 में आयशा मस्जिद के पीछ की गलियों में सामने आया है, जहां सफाई व्यवस्था और नागरिकों की लापरवाही ने स्वच्छता अभियान के दावों पर सवाल खड़े कर रही है.वार्ड क्रमांक 1 में आयशा मस्जिद के पीछे की तीन गलियों में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है. खुले नालों के किनारे कचरे के ढेर लगे हैं. हैरानी की बात तो यह है कि क्षेत्र में लगभग हर चौराहे के कोने पर घरेलू कचरा जमा दिखाई देता है. स्थानीय रहवासियों के अनुसार कुछ रहवासी बोरियों में कचरा भरकर देर रात या सुबह होने से पहले सड़क किनारे फेंक जाते हैं. दूसरी ओर सफाईकर्मी और कचरा गाड़ियां भी इन स्थानों से नियमित कचरा नहीं उठा रही हैं.
नतीजतन कई दिनों तक कचरा सड़क पर पड़ा रहता है, जिसे आवारा कुत्ते यहां-वहां बिखेर देते हैं, इससे लोगों को न केवल आने-जाने में परेशानी होती है, बल्कि दुर्गंध के साथ मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ रहा है. इससे लोगों, खासकर बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो रही हैं. गौरतलब है कि इंदौर में प्रतिदिन करीब 1200 मीट्रिक टन कचरे का संग्रहण और प्रसंस्करण होता है. घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था भी लगभग शत-प्रतिशत है. इसके बावजूद आयशा मस्जिद क्षेत्र की तस्वीर निगम की निगरानी और नागरिकों की जिम्मेदारी दोनों पर सवाल खड़े करती है. सवाल यह है कि जब घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था है तो फिर रहवासी गलियों के कोनों पर कचरा क्यों फेंक रहे हैं और जिम्मेदार सफाई अमला, उसे समय पर क्यों नहीं उठा रहा?
यह बोले रहवासी…
क्षेत्र के कुछ लोग यहां पर कचरा डाल जाते हैं, जबकि उनको भी सफाई का ध्यान रखना चाहिए. गंदगी के कारण सभी लोग परेशान है. अधिकारियों को इस पर ध्यान देना चाहिए.
– अरमान खान
रात को सफाई करवाओ, सुबह फिर कचरे का ढेर हो जाता है. इस गंदगी के अलावा नाली से निकलने वाली गंदगी भी सफाई पश्चात पड़ी रहती है, सफाई करके आठ-आठ दिन तक इसे नहीं उठाया जाता.
– अमन शाह
कई बार कंप्लेंट भी की, सफाईकर्मी को भी बोला, लेकिन कोई नहीं सुनता. यहां के लोगों को भी समझाया, लेकिन वह भी कचरा फेंकने से बाज नहीं आ रहे.
– इकरामुद्दीन
गंदगी करने वालों को समझाइश देंगे
आगे रहकर रहवासी अपनी समस्या बताएं, हम तुरंत निराकरण करेंगे. जो लोग गंदगी फैला रहे हैं, उन्हें भी समझाइश दी जाएगी.
– महेश चौधरी, पार्षद
