इंदौर: कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकानों के टूटने के बाद रहवासियों ने अपने टूटे हुए आशियानों में ही कड़ाके की ठंड में रात गुजारी. कई परिवारों को दिन और रात मलबे या खुले आसमान के नीचे बिताने को मजबूर होना पड़ रहा है. रहवासियों ने मकानों के मलबे पर पलंग बिछाकर रात गुजारी है. रहवासी अपनी जान पर खेलकर टूटे मकान के ढांचे, छत और दीवारों के नीचे सोने को मजबूर है. कई लोग मकानों के मलबे के ढेर में बची कुची घर गृहस्थी का सामान तलाश रहे है तो कोई मलबे के ढेर पर बैठकर न्याय व्यवस्था को दोष दे रहा है.
मकान गंवाने वाले कुछ लोगों ने बताया कि रिमूवल की कार्रवाई से पहले घर गृहस्ती का सामान तो निकाल लिया था, लेकिन मेहनत का एक-एक रुपया जोड़कर बनाए मकान को अपनी यादों के हिस्से से कैसे निकाले. मकान के मलबे के ढेर पर रहने के अलावा उनके पास कोई ओर रास्ता नहीं है. उनका दिन और रात टूटे मकानों पर गुजर रहा है. उनके पास नहाने, खाने और सोने तक की व्यवस्था नहीं है.
वहीं कुछ रहवासी किराए पर तो कुछ लोग पड़ोसियों और रिश्तेदारों के घर रहने के लिए मजबूर है. रहवासियों ने बताया कि आनन फानन में किराए का घर लेकर रहना पड़ा है. गृहस्थी का कुछ सामान तो किराए के घर में शिफ्ट कर दिया था, लेकिन कुछ सामान रिमूवल की कार्रवाई में टूट गया. कुछ स्थानीय निवासी भी बेघर हुए लोगों की मदद के लिए आगे आए है. रहवासी अपने पड़ोसियों को चाय, नाश्ता और खाना भी खिला रहे है. कुछ लोगों को दोस्तों और रिश्तेदारो ने रहने के लिए जगह दी है. कई लोगों का कहना है कि अतिक्रमण की कार्रवाई के बाद वो काम करने भी नहीं जा पा रहे है. इससे उनकी रोजी रोटी पर भी खतरा मंडरा रहा है.
मलबे पर पलंग डालकर रात बीती
रामरती जारवाल 12 साल से कृष्णबाग में रह रहीं थी. उनका बड़ा संयुक्त परिवार है. उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति के कारण हम लोग किराए का मकान लेने में सक्षम नहीं है. पूरा परिवार रात भर ठंड में पलंग बिछाकर बाहर बैठा रहा. उनके दोनों बेटे, बहु और पोता पोतियों ने भी मलबे के ढेर पर रात गुजारी है. बच्चों की पढ़ाई का नुकसान भी हो रहा है. दोनों बेटे ऑटो रिक्शा चलाते है. रोड पर मलबा पड़ा होने से ऑटो रिक्शा फंस गए है. बेटे काम तक नहीं कर पा रहे है. उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है. पड़ोसी जरूर चाय- नाश्ता दे रहे है.
छोटे बच्चों को उनके नेनिहाल भेजा….
अपना घर गंवाने वाली सूरज बाई ने बताया कि पति ने पाई-पाई जोड़कर मकान बनाया था. सब कुछ बर्बाद हो गया. हमने तो सड़क पर दिन रात गुजार ली लेकिन छोटे बच्चे सड़क पर कैसे रह सकते है इसलिए बच्चों को उनके नाना के घर भेज दिया था. पूरे परिवार ने रात भर मलबे के पास बिस्तर लगाकर रात बिताई. बेटे को सोने के लिए बिस्तर नहीं मिला तो उसने पड़ोसी के ओटले पर रात गुजारी. जैसे तैसे परिवार के लोगों ने पड़ोसी, दोस्तों और रिश्तेदारों के घर नहाना-खाना किया है. किराए का मकान देख रहे है.
बहन के घर गुजरी रात….
सोनू मालवीय ने कहा कि उनके ससुर ने लोन लेकर मकान बनाया था. मकान ही नहीं बचा तो अब परिवार लोन की किश्त भी नहीं चुकाएगा. सोनू ने बताया कि उनके पति ऑटो ड्राइवर है. किराए से मकान लेने तक के पैसे नहीं है इसलिए उनका परिवार कुछ दिनों के लिए बड़ी बहन के घर रहेगा. पूरा सामान मकान के बाहर पड़ा है. कुछ सामना टूट गया है. सामान रखने के लिए भी जगह नहीं है. सोनू ने अपील की है कि सरकार उनकी मदद के लिए आगे आए.
पड़ोसी मदद के लिए आगे आए…
अनिकेत आटले के परिवार को पड़ोस के चौरसिया परिवार ने अपने घर में जगह दी है. प्राइवेट जॉब करने वाले अनिकेत ने बताया कि मकान टूटने के बाद मलबे के ढेर के बीच में रहने के अलावा कोई चारा नहीं था. लेकिन मदद के लिए पड़ोसी में रहने वाला चौरसिया परिवार आगे आया. कोई अन्य व्यवस्था होने तक उनके घर रह सकते है. इससे बड़ी राहत की बात कोई नहीं है. घर का सामान भी उनके यहां शिफ्ट कर दिया है. सरकार से राहत की कोई उम्मीद नहीं है.
