
सागर। डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के संस्थापक महान शिक्षाविद् एवं प्रख्यात विधिवेत्ता, संविधान सभा के सदस्य एवं दानवीर डॉ. सर हरीसिंह गौर के 157वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में गौर उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक परिषद् द्वारा स्वर्ण जयंती सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उस्ताद अलाउद्दीन खान अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर उपस्थित थे. इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश दुबे, प्रो. आर के त्रिवेदी, प्रो संतोष शुक्ला, प्रो. सुशील काशव, प्रो. रणवीर सिंह, डॉ. संध्या पटेल, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. गौतम प्रसाद, डॉ. शशि कुमार सिंह, सांस्कृतिक परिषद् समन्वयक डॉ. राकेश सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।कार्यक्रम में संगीतकार में डॉ. विनोद मिश्रा, सतना, मध्यप्रदेश ने शास्त्रीय गायन से समा बाँधा. उन्होंने शिव तांडव, रामचरित मानस एवं अनेक पौराणिक आख्यानों को प्रस्तुत करती हुई रचनाओं को शास्त्रीय पद्धति से संजोकर प्रस्तुत किया. श्रोताओं ने मंत्र मुग्ध होकर उनके द्वारा प्रस्तुत भजनों को सुना. कत्थक नृत्य साक्षी शर्मा, जयपुर घराना की टीम द्वारा भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं पर आधारित कत्थक नृत्य की कई प्रस्तुतियाँ दी गईं. गजल गायक एवं तबला वादक उस्ताद सलीम अल्लाहवाले, भोपाल, म.प्र. ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं.
