
इंदौर. दिल्ली में साढ़े पांच लाख रुपए की ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में फरार चार आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है. आरोपियों की तलाश में इंदौर पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम ने लसूडिया पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की. गिरफ्तारी के बाद चारों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया. दिल्ली के साइबर थाना साउथ वेस्ट में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में अपराध दर्ज किया था. फरियादी के साथ 5.50 लाख रुपए की ठगी हुई थी. मामले में दिल्ली पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य फरार थे.
उनकी तलाश में दिल्ली पुलिस की टीम इंदौर पहुंची और लसूडिया पुलिस से समन्वय कर आरोपियों की धरपकड़ की. संयुक्त कार्रवाई में गौरव सिंह उम्र 33 साल, निवासी औरैया (उत्तर प्रदेश), विजय उर्फ व्योम उर्फ वरुण उम्र 36 साल, निवासी विदुर नगर, दिनेश कुमार दांगी उम्र 36 साल, निवासी मंदसौर और राज चौरसिया उम्र 22 साल, निवासी कुमेड़ी काकड़ को गिरफ्तार किया, चारों को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई है. मामले में एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि दूसरे राज्यों में अपराध करने वाले आरोपियों की तलाश में संबंधित पुलिस से समन्वय कर कार्रवाई की जा रही है. दिल्ली में साइबर ठगी के मामले में फरार चार आरोपियों को दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर पकड़ा है. उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस के सुपुर्द किया है.
