यूपी में सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग पर घमासान, कांग्रेस ने पेश की 130 सीटों की दावेदारी; अमेठी-रायबरेली पर अड़ी पार्टी

नई दिल्ली . उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात पर भाजपा को कड़ी चुनौती देने के उद्देश्य से सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर औपचारिक मंथन का दौर शुरू हो चुका है. बैठक में इस बात पर सैद्धांतिक सहमति बनी है कि गठबंधन का स्वरूप पूरी तरह से बरकरार रहेगा और अगले दो से तीन दिनों के भीतर आपसी सम्मान के साथ सीटों के अंतिम फॉर्मूले पर मुहर लगा दी जाएगी.

सूत्रों की मानें तो पहले दौर की वार्ता में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सपा की कमेटी को अपनी संभावित सीटों की सूची सौंप दी है. सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच चल रही रस्साकशी इस गठबंधन की सबसे दिलचस्प कड़ी है. इससे पहले प्रदेश कांग्रेस इकाई की ओर से सपा को 181 सीटों की एक प्रारंभिक सूची भेजी गई थी, जिसकी पुष्टि स्वयं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी की थी. सूत्र बता रहे हैं कि दिल्ली में हुई औपचारिक बैठक में कांग्रेस ने अपने रुख में थोड़ा लचीलापन दिखाते हुए लगभग 130 सीटों की संशोधित सूची सपा के समक्ष रखी है. इन सीटों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है. पहली श्रेणी में 55 सीटों को रखा गया है जिसे पार्टी किसी भी परिस्थिति में छोड़ने को तैयार नहीं है. इस श्रेणी के लिए एक व दो संभावित उम्मीदवारों की सूची भी बैठक में रखी गई. दूसरी श्रेणी में 40 सीटों को रखा गया है और तीसरी श्रेणी में 35 सीटों को रखा गया है. बताया जा रहा है कि कांग्रेस अपनी इस मांग के पीछे 2017 के विधानसभा चुनाव के फॉर्मूले, जब उसे 105 सीटें मिली थीं, और 2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन के बेहतर प्रदर्शन का हवाला दे रही है. जबकि दूसरी ओर सपा राज्य की कुल 403 विधानसभा सीटों में से स्वयं 334 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और वह कांग्रेस को 55 से 60 सीटों के दायरे में सीमित रखने के पक्ष में दिखाई दे रही है.

इस बार सीटों के बंटवारे का आधार केवल पारंपरिक दावेदारी या भावनात्मक राजनीति नहीं है, बल्कि जमीनी हकीकत, सर्वे रिपोर्ट और उम्मीदवारों के जिताऊ समीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. सपा की ओर गठित कमेटी में प्रोफेसर रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा चौधरी के साथ-साथ दो डेटा विशेषज्ञों को भी शामिल किया है, जो प्रत्येक विधानसभा सीट के जातिगत और चुनावी आंकड़ों का बारीकी से विश्लेषण कर रहे हैं. इसी तर्ज पर कांग्रेस पार्टी ओर से संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, विरेन्द्र चौधरी,प्रमोद तिवारी की मौजूदगी में विभिन्न सर्वे रिपोर्ट, स्थानीय समीकरणों और जीताऊ उम्मीदवारों पर तैयार रिपोर्ट के साथ अपने डेटा विशेषज्ञों को भी बैठक में शामिल किया गया था.आज की बैठक में दोनों दलों के बीच इस बात पर सहमति बनी है कि दोनों अपने संभावित उम्मीदवारों के पैनल, उनकी सामाजिक स्वीकार्यता और सीट जीतने की ठोस रणनीति का ब्यौरा एक दूसरे के साथ खुले मन से साझा करेंगे.

कांग्रेस की रणनीति के भौगोलिक विस्तार को देखें तो पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लगभग हर जिले में कम से कम एक विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. कांग्रेस का मानना है कि यदि पूरे राज्य में उसकी चुनावी मौजूदगी रहेगी, तो इससे उसका सांगठनिक ढांचा मजबूत होगा और गठबंधन के वोट बैंक का हस्तांतरण भी सुचारू रूप से हो सकेगा. इस जिलावार दावेदारी में कांग्रेस ने केवल इटावा और मैनपुरी के सैफई क्षेत्र को छोड़ा है, जो सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव का पारंपरिक गढ़ माना जाता है. इस कदम के माध्यम से कांग्रेस ने सपा नेतृत्व के प्रति राजनीतिक सम्मान प्रदर्शित करते हुए शेष पूरे प्रदेश में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया है. हालांकि इसके बाद भी सबसे अधिक सियासी पेंच अमेठी और रायबरेली की विधानसभा सीटों को लेकर फंसता नजर आ रहा है. कांग्रेस ने अपनी सूची में गांधी परिवार के इन दोनों पारंपरिक गढ़ों के अंतर्गत आने वाली सभी विधानसभा सीटों पर अपना पूर्ण दावा ठोक दिया है. कांग्रेस का तर्क है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इन दोनों सीटों पर मिली बड़ी जीत के बाद वहां पार्टी का जनाधार फिर से मजबूत हुआ है,

इसलिए विधानसभा की सभी सीटें उसके खाते में आनी चाहिए. इसके अतिरिक्त, कांग्रेस ने राज्य की 86 आरक्षित सीटों में से 40 से अधिक सीटों पर भी अपनी दावेदारी पेश की है, जिनमें सपा की कुछ मौजूदा जीती हुई सीटें भी शामिल हैं. दूसरी तरफ, सपा रायबरेली और अमेठी की उन सीटों को छोड़ने के लिए आसानी से तैयार नहीं है जहां उसके विधायक या मजबूत स्थानीय नेता सक्रिय हैं. ऐसे में मंगलवार को होने वाली बैठक में दोनों दलों की समितियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वे सर्वे के आंकड़ों और जिताऊ उम्मीदवारों की कसौटी पर परखते हुए इन संवेदनशील सीटों पर आपसी सहमति कैसे बनाते हैं.

.....

Next Post

दिल्ली में 5.50 लाख की साइबर ठगी, चार फरार आरोपी इंदौर से गिरफ्तार चारों आरोपियों को दिल्ली पुलिस के सुपुर्द किया

Tue Nov 24 , 2026
इंदौर. दिल्ली में साढ़े पांच लाख रुपए की ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में फरार चार आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है. आरोपियों की तलाश में इंदौर पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम ने लसूडिया पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की. गिरफ्तारी के बाद चारों को […]

You May Like