ग्वालियर। ग्वालियर को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम स्थान मिलने पर शहर में गौरव का माहौल है, लेकिन दूसरी ओर पशुपालन विभाग के चार शहर का नाका स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में खुले में एक्सपायर (समय-सीमा समाप्त) हो चुकी दवाइयों को जलाने का मामला सामने आया है।
यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है। एक्सपायर दवाइयों का इस प्रकार खुले में जलाया जाना पर्यावरण, वायु गुणवत्ता और आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। साथ ही यह भी सवाल है कि सरकारी पशु चिकित्सालय में अनुपयोगी एवं एक्सपायर दवाइयों के निस्तारण के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया गया?
गौरक्षा दल एवं गौसेवकों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच कराई जाए, एक्सपायर दवाइयों को जलाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित कार्रवाई की जाए।
एक ओर स्वच्छता का सम्मान और दूसरी ओर सरकारी चिकित्सालय परिसर में दवाइयों को खुले में जलाने का मामला निश्चित ही प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।
